ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोविंद नगर से तुवन चौराहा जा रही ऑटो में बैठी एक महिला का मंगलसूत्र काटकर भाग रही दूसरी महिला को पति-पत्नी से पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि एक महिला मौके से भाग गई। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस ने शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला गांधी नगर निवासी बबीता साहू पत्नी सुनील साहू मंगलवार को दोपहर में अपने पति सुनील के साथ गोविंद नगर स्थित एक मंदिर गई थीं। वहां से वह दोनों करीब दो बजे ऑटो में बैठकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शहजाद नदी के पास रास्ते में दो महिलाएं तुवन मंदिर जाने की कहकर उसी ऑटो में सवार हो गईं। रास्ते में तुवन से पहले ही साईं मंदिर के पास वह दोनों महिलाएं ऑटो रोककर उतर गईं।
तभी पति के साथ बैठी बबीता को अहसास हुआ कि उसके गले में मंगलसूत्र नहीं है, जिस पर उसने चिल्लाते हुए एक महिला को पकड़ लिया, उसके पास उसका टूटा हुआ मंगलसूत्र मिल गया। उसने व उसके पति ने महिला को पकड़ लिया और कोतवाली ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई कर उसका मंगलसूत्र ठीक कराए जाने की गुहार लगाई है। उधर, दूसरी महिला भाग निकली।