अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर-जाखलौन। ट्रेनों के लगातार देरी से आने से स्टेशन पर यात्री परेशान हैं। बुधवार को माता वैष्णोदेवी कटरा से आने वाली 12920 मालवा एक्सप्रेस करीब साढ़े आठ घंटे लेट आई तो अमृतसर से आने वाली सचखंड एक्सप्रेस 16.38 घंटे लेट रही। ट्रेनों के इंतजार में यात्री स्टेशन पर लू के थपेड़ों से परेशान रहे। अन्य कई ट्रेनें भी लेट चल रही हैं।
मालवा एक्सप्रेस को सुबह 4.21 बजे आना था, लेकिन यह ट्रेन साढ़े आठ घंटे बाद 12.50 बजे ललितपुर स्टेशन पर आई, दो मिनट के स्टॉपेज के बाद आंबेडकर नगर के लिए रवाना हो गई। इस ट्रेन से उज्जैन और इंदौर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, 11058 मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस 5.15 घंटे लेट आई, जिससे भोपाल और मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। पुणे से अमृतसर जाने वाली 12715 एक्सप्रेस सुबह 5.11 बजे आनी थी, लेकिन 16.38 घंटे लेट होकर रात 9.59 बजे आई। ग्वालियर, आगरा, मथुरा, नई दिल्ली और अमृतसर जाने वाले यात्रियों को सारे दिन प्लेटफॉर्म पर बैठकर लू के थपेड़े खाने पर विवश होना पड़ा। वहीं अमृतसर से पुणे जाने वाली 12716 सचखंड एक्सप्रेस 15 घंटे लेट आई। 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 12 घंटे लेट, 01027 गोरखपुर स्पेशल 4.13 घंटे लेट, 14624 पाताल कोट दो घंटे लेट आई। तीन दिनों से ट्रेनों के लगातार लेट होने से यात्री परेशान हैं।