संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थित मलेरिया विभाग का कार्यालय अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। यहां पर बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था तक नहीं हैं। बिजली गुल होते ही पूरे विभाग में अंधेरा छा जाता है। न इन्वर्टर है न यूपीएस ऐसे में कंप्यूटर से रिपोर्ट तक समय से नहीं बन पा रहीं है। इसके बाद भी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं।
सीएमओ कार्यालय परिसर के मुख्यद्वार के सामने मलेरिया विभाग का कार्यालय है। यहां पर जिला मलेरिया अधिकारी व सहायक मलेरिया अधिकारी और मलेरिया निरीक्षक समेत सभी कर्मचारी बैठते हैं। यहीं पर कंप्यूटर के माध्यम से रिपोर्ट तैयार की जाती है। गर्मी की सुविधा को एसी लगाई गई है।
लेकिन, यहां पर इन्वर्टर की सुविधा न होने से सुविधाएं शोपीस साबित हो रही हैं। कार्यालय में बिजली गुल होते ही अंधेरा छा जाता है। ऐसे में अधिकारियों को टार्च की रोशनी में कार्य करना पड़ता है। यही नहीं कंप्यूटर का यूपीएस तक नहीं हैं। इससे कंप्यूटर लगातार नहीं चल पाता है। कई बार रिपोर्ट बनाते समय ही बिजली गुल होने पर रिपोर्ट का डाटा तक गायब हो जाता है। यही नहीं भीषण गर्मी में बिजली गुल होने पर पंखा न चलने से गर्मी से ठहरना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार तो अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक गर्मी से राहत के लिए बाहर टहलने को मजबूर हो जाते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं।
-
मलेरिया विभाग में इन्वर्टर की सुविधा न होने की जानकारी हुई है। जल्द ही व्यवस्था कराई जाएगी।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ, ललितपुर