अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। करीब आधा दर्जन स्थानों पर मकर संक्रांति मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को रणछोर धाम पर कलश यात्रा के साथ मेले की शुरुआत हो गई।
गोविंद सागर बांध की तलहटी में सीतापाठ तालाब के पास स्थित हजारिया मंदिर पर लगने वाले संक्रांति मेले को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर पालिका ने तलहटी के मार्ग में मिट्टी डालकर मरम्मत कर दिया है। मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था भी की जा रही है। कचरे का उठान हो गया है। सीतापाठ तालाब की भी सफाई पूर्ण हो गई है। यहां एक दिवसीय मेला लगता है। मकर संक्रांति पर सुबह से ही श्रद्धालु बांध व तालाब पर स्नान कर मंदिर में भगवान के दर्शन-पूजन के साथ मेले का आनंद उठाते हैं।
फोटो- 19
रणछोर धाम पर हुई मेले की शुरुआत
जाखलौन/पाली। शनिवार को रणछोर धाम पर श्री विष्णु 108 कुंडात्मक व नवकुंडात्मक रुद्र महायज्ञ व मेले की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा मुख्य मंदिर से बेतवा नदी के तट पर पहुंची। यहां पूजन-अर्चन के बाद यज्ञशाला पहुंची, जहां कलश रखकर समापन किया गया। रणछोर धाम मानव कल्याण समिति के प्रबंधक धीरज सिंह यादव ने बताया कि मेला 20 जनवरी तक चलेगा। यहां संक्रांति के पर्व पर हजारों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान रणछोर धाम के महंत बलराम पुरी महाराज, एडीएम अंकित श्रीवास्तव, अध्यक्ष वीरसिंह यादव, सनमान सिंह यादव, मुख्य यजमान ताहर सिंह यादव, वीरसिंह, सनमान सिंह, कृष्णानंद महाराज, इंद्रपाल, वीरन सिंह, लालसिंह, मानसिंह, जालम कुशवाहा, कल्लू, भरत, देशराज आदि मौजूद रहे।
-
फोटो- 14
पांडवन धाम पर नौ दिन तक चलेगा मेला
डोंगराखुर्द/मड़ावरा। विंध्याचल पर्वत शृंखला से निकली जामनी नदी के तट पर स्थित तपोभूमि पांडव वन में मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मेला संक्रांति से शुरू होकर नौ दिनों तक चलता है। इसकी तैयारियां चल रही हैं। ग्राम पारोल से कच्चा मार्ग कंकरीला-पथरीला है, यहां श्रद्धालुओं के लिए ग्रामीणों ने रास्ता बनवाया है। मंदिर परिसर रंगाई-पुताई व सफाई पूर्ण हो चुकी है। मेला दुकानदारों के लिए बिजली-पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मेला समिति ने बताया कि संगीतमय श्रीमद्भागवत महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कथाव्यास पं. चंद्रभूषण पाठक होंगे। मान्यता है कि महाभारत काल में पांचों पांडवों ने द्रोपदी समेत इसी जंगल में एक वर्ष का अज्ञातवास काटा था। मंगलवार व शनिवार को श्रद्धालु यहां आकर मन्नतें मांगते हैं।
-
फोटो- 21
हजारिया महादेव मंदिर में कल से शुरू होगा मेला
तालबेहट। बाहर कोट हजारिया महादेव मंदिर परिसर में संक्रांति के मेले को लेकर तैयारियां शुरू हैं। यहां कई दशकों से मेला लगता आ रहा है। ग्राम पंचायत सफाई समेत अन्य कार्य करा रही है। ग्राम पंचायत खांदी के प्रधान सुमन दीपचंद्र कुशवाहा ने बताया कि मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यहां आने वाले दुकानदारों को पानी व बिजली की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। अलाव की भी व्यवस्था रहेगी।
-सिद्ध बाबा के स्थान पर आने वालों की मनोकामना होती पूरी
जखौरा। राजघाट पर रविवार से दो दिवसीय मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां श्रद्धालु बेतवा नदी में स्नान कर पूजन-अर्चन कर मेले का लुत्फ उठाते हैं। वहीं, मैनवारा में सोमवार से मेले का शुभारंभ होगा। मान्यता है कि सिद्ध बाबा के स्थान पर आने वालों की मनोकामना पूरी होती है। बेतवा किनारे स्थित इस स्थान पर प्राकृतिक कुंड में स्नान की अधिक मान्यता है।