महरौनी। प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए सरकार ने अस्पतालों व ग्रामीण क्षेत्रों में सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट लगवाने का निर्णय लिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारा जा रहा है।
क्षेत्रीय विधायक व राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ ने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी होने के बाद प्रदेश सरकार ने जनपद में तीन ऑक्सीजन प्लांट लगवाने को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि शासन की योजना के अंतर्गत लगभग सभी सीएचसी स्तर से लेकर बड़े अस्पतालों में आक्सीजन प्लांट की आधारशिला रखी गई है। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि तीसरी लहर में ऑक्सीजन की किसी भी प्रकार से कमी न हो। इसके लिए सरकार गंभीर होकर कार्य कर रही है। डीएम अन्ना वी दिनेश कुमार ने कहा कि कोरोना से बचाव को लेकर वैक्सीन लगवाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह में न आएं। इस मौके पर मौजूद लोगों को कोविड किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष कृष्णा अमर सिह, राघवेंद्र पटैरिया, हरीशंकर सोनी, बृजेश रिछारिया, शिवा सिंह तोमर, आशुतोष सिह सेंगर, देवेंद्र तिवारी, दिनेश बिदुआ समेत अनेक भाजपाई मौजूद रहे।