ललितपुर। महाकुंभ में वसंत पंचमी पर संगम और गंगा घाटों पर स्नान का अद्भु़त नजारा आंखों में बसाकर श्रद्धालु अब लौटने लगे हैं। हालांकि, अभी श्रद्धालु कुंभ से एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग लौट रहे हैं।
दो दिन पहले से श्रद्धालु महाकुंभ में संगम और गंगा घाटों पर स्नान करने के लिए ट्रेनों, बसों एवं सैकड़ों चार पहिया वाहनों से प्रयागराज गए थे। जहां श्रद्धालुओं ने स्नान किए और कुंभ का अद्भुत न भूलने वाला नजारा भी देखा। कुंभ में कई किमी पैदल भी चले और वापस भी कई किमी की पैदल यात्रा की, लेकिन कुंभ स्नान के बाद पैदल चलने की परेशानी तक भूल गए। वापसी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने चित्रकूट भी जाकर भगवान कामतानाथ के दर्शन किए और कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा कर दान पुण्य किया।
कई निजी वाहनों से जाने वाले श्रद्धालुओं ने अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन भी किए। यहां तक कि कई लोग तो निजी वाहन से जाने के चलते बनारस भी गए और काशी विश्वनाथ का दर्शन किया। मंगलवार सुबह आने वाले कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों से कई श्रद्धालु लौट आए हैं। ललितपुर निवासी शशि शेखर त्रिपाठी ने बताया कि कुंभ स्नान करके बहुत अच्छा लगा। महाकुंभ का अद्भुत नजारा रहा, जिसे देखकर मन प्रसन्न हो गया। संगम का नजारा बहुत ही अलौकिक था, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। कैलगुवां रोड निवासी गुड्डू तिवारी ने बताया कि महाकुंभ में गंगा स्नान किया, मन प्रसन्न हो गया।