घरों की सफाई में आड़े आ रही पानी की कमी
ललितपुर। जल संस्थान के लिए लोअर जोन की जलापूर्ति चुनौती बन गई है। विभागीय अफसर अब तक यहां हो रही कम जलापूर्ति के कारणों तक नहीं पहुंच पाए हैं। इससे विभिन्न मोहल्लों में पेयजल की समस्या है। पानी की कमी के कारण लोग दीवाली पर घरों की सफाई नहीं कर पा रहे हैं।
दीवाली के मद्देनजर लगभग घर में रंगाई-पुताई व साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। यही नहीं, जिन लोगों के लिए पुताई का काम पूर्ण हो गया है, उनके यहां कपड़ों की धुलाई शुरू हो गई है, लेकिन पानी की कमी आड़े आ गई है। खासकर लोअर जोन के मोहल्ला चौबयाना, महावीरपुरा, सुभाषपुरा, मऊठाना, चिरौलपुरा, रावरपुरा, वंशीपुरा, विष्णु पुरा, श्रद्घानंदपुरा, गोविंद नगर, रावतयाना सहित कई क्षेत्रों में पेयजल की समस्या बनी हुई है। इन मोहल्लों में दस से पंद्रह मिनट की जलापूर्ति हो रही है। कुछ गलियां ऐसी भी हैं, जहां के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
मोहल्ला रैदासपुरा में गर्मी व बरसात का सीजन निकल गया। इसके बाद भी पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। यहां लगे कई हैंडपंप कम पानी दे रहे हैं। इससे समस्या गंभीर रूप धारण कर रही है। गोविंद नगर स्थित रामलीला मैदान के पास लंबे समय से पाइप लाइन लीकेज बना हुआ है, जिसे सुधारा नहीं जा रहा है। इससे कई लोग दूषित जलापूर्ति की शिकायत कर रहे हैं। मोहल्ला चौबयाना में प्राथमिक विद्यालय चौबयाना नंबर दो के पास हैंडपंप काफी समय से खराब है। यही नहीं, कुछ सार्वजनिक हैंडपंपों से अवैध कब्जा भी नहीं हटाया जा सका है। इस कारण स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति रोष पनप रहा है।
लोअर जोन में कम जलापूर्ति की शिकायत प्राप्त हो रही है। इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसका शीघ्र ही समाधान कर लिया जाएगा।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान