ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत शहर के तुवन मंदिर परिसर से तीन लाख रुपयों से भरा बैग छीनकर एक युवक कोतवाली में पहुंच गया, जिसे देख सभी हैरत में पड़ गए। बाद में पुराने लेनदेन का मामला सामने आने पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे तुवन चौराहा पर मोहल्ला तालाबपुरा निवासी एक युवक ने दूसरे युवक के हाथ से तीन लाख रुपयों से भरा थैला छीना और भाग खड़ा हुआ। बैग छीनकर भागने पर भीड़ ने चौराहा पर युवक को घेर लिया और रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका तो भीड़ पीछे-पीछे भागने लगी। वह युवक सीध कोतवाली में पहुंच गया। दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया।
कोतवाली पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि दोनों के बीच पूर्व में दस लाख रुपये के लेनदेन का मामला था, लेकिन पैसा नहीं मिल पा रहा था। इस कारण युवक तीन लाख रुपये लेकर कोतवाली पहुंचा था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ में जुटी है।