ललितपुर। जिले के तेईस समग्र ग्रामों में चार सौ तिरसठ लोहिया आवासों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विभागीय अफसरों ने चयन उपरांत सभी लाभार्थियों के बैंक खातों में एक लाख सैंतीस हजार पांच सौ रुपये के हिसाब से प्रथम किस्त अवमुक्त कर दी है।
पिछड़े गांवों को विकास की मुख्य धारा में शामिल करने के उद्देश्य से डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना चलाई जा रही है। योजनांतर्गत चिह्नित ग्रामों में पात्र व्यक्तियों को लोहिया आवास मुहैया कराए जाते हैं। मौजूदा वित्तीय वर्ष के चयनित 23 ग्रामों में 463 लोहिया आवासों को स्वीकृत किया गया है। बीते दिनों डीआरडीए ने सभी लाभार्थियों के बैंक खाते में धनराशि हस्तांतरित कर दी है। इतनी ही राशि द्वितीय किस्त में दी जाएगी। इस तरह एक आवास का निर्माण 2 लाख 75 हजार रुपये की राशि से होगा।
ऐसे होता चयन
समग्र ग्राम में रहने वाले ग्रामीण जिनकी वार्षिक आय अधिकतम 36 हजार रुपये है और उनके पास रहने के लिए मकान नहीं है, ऐसे व्यक्ति लोहिया आवास योजना की पात्रता में आते हैँ। बीते माह ग्राम सभा की बैठक में पात्र व्यक्तियों का चयन किया गया। जिसका बीडीओ द्वारा सत्यापन किया गया। डीएम डा. रूपेश कुमार ने ब्लाकवार कमेटी का गठन कर चयनितों का पुनर्सत्यापन कराया, जिसके बाद सूची अनुमोदित की गई।
बदली गई पात्रता की शर्तें
पहले वार्षिक आय के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया जाता था पर इस वित्तीय वर्ष में सामाजिक, आर्थिक, जातिगत जनगणना 2011 की सूची को चयन का आधार बनाया गया। इससे कई पात्रों के छूटने की स्थिति बन रही थी, जिसे ध्यान में रखकर सूची में संशोधन किया गया। नए निर्देशों के मुताबिक जनगणना सूची के साथ ऐसे लोगों को भी पात्रता की श्रेणी में शामिल कर लिया जिनका नाम जनगणना सूची में नहीं है।