महरौनी तहसील बार एसोसिएशन ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर उठाईं कई समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तहसील बार एसोसिएशन महरौनी के पदाधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तहसील न्यायालयों और तहसील परिसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि विभिन्न न्यायालयों के परवाने लंबे समय से फीड नहीं हो रहे हैं। इससे वादकारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कभी नंबर लॉक होने तो कभी तकनीकी खामियों का हवाला देकर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
अधिवक्ताओं ने बताया कि तहसील परिसर में बनी नई पानी की टंकी अब तक किसी विभाग को हैंडओवर नहीं की गई है। इसके चलते टंकी की नियमित सफाई नहीं हो रही है। टंकी में कबूतरों की बीट गिरने से पेयजल दूषित होने का खतरा बना हुआ है, जिससे संक्रामक और गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पूर्व में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी सप्ताह में दो दिन महरौनी में कैंप न्यायालय संचालित करते थे, लेकिन लंबे समय से यह व्यवस्था बंद है। इसके कारण वादकारियों और अधिवक्ताओं को सुनवाई के लिए ललितपुर आना-जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है।
बार एसोसिएशन ने मांग की कि सप्ताह में दो दिन बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी का कैंप न्यायालय महरौनी में संचालित कराया जाए। साथ ही न्यायालयों में परवानों की फीडिंग और पेयजल व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए।