- मंडल अध्यक्ष गौना की शिकायत पर अवर अभियंता ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सौजना(ललितपुर)। सौजना फीडर पर तैनात लाइनमैन को विद्युत अनुरक्षण कार्य में रुचि नहीं लेने और उपभोक्ताओं से अभद्रता की शिकायतों के चलते हटा दिया गया है। मंडल अध्यक्ष गौना ने विद्युत अधिकारियों से लाइनमैन द्वारा अभद्रता करने की शिकायत भी की गई थी।
अवर अभियंता सौजना ने उपखंड अधिकारी को पत्राचार करते हुए बताया कि निविदा कर्मचारी यशपाल के द्वारा विद्युत अनुरक्षण कार्य, राजस्व वसूली के कार्यों में कोई रूचि नहीं ली जा रही है। यह आए दिन बिना किसी सूचना के उपकेंद्र से भी अनुपस्थित रहता है। 26 जून को ग्राम सौजना में ट्रांसफार्मर की केबल में आग लगने की सूचना मिलते ही लाइनमैन यशपाल ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। जिस पर यह कार्य अन्य स्टाफ से कराया। पांच जुलाई को उक्त कर्मचारी बिना किसी सूचना एवं अनुमति के महरौनी चला गया और पूरे दिन अनुपस्थित रहा। कई बार मौखिक चेतावनी के बाद भी उसके द्वारा अपने कार्यों एवं उत्तरदायित्वों का निर्वहन नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा उक्त कर्मी का आचरण एवं व्यवहार जनप्रतिनिधियों व उपभोक्ताओं के प्रति सही नहीं है। मंडल अध्यक्ष गौना के द्वारा एक शिकायती पत्र छह जून को दिया गया है, जिसमें उक्त निविदा कर्मचारी की कार्य शैली एवं व्यवहार के बारे में शिकायत की गई है। इसके चलते अवर अभियंता अब्दुला ने उपखंड अधिकारी मड़ावरा से उक्त निविदा कर्मचारी की सेवा समाप्त/स्थानांतरण की संस्तुति की गई है।