ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन स्टेट बैंक के पास रहने वाली एक युवती ने दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जा और धमकाने से परेशान होकर विषाक्त खाकर जान देने की कोशिश की थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों ने उसके भाई की स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
सिविल लाइन स्टेट बैंक के पास निवासी बबली पत्नी स्व. नंदलाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी जमीन नेहरूनगर में अहिल्याबाई स्कूल के पास है। उस जमीन पर बलराम उर्फ अच्छेलाल पाल, सुरेंद्र पाल उर्फ राजू कल्लू, व सुरेंद्र यादव का भाई और मुस्कान पाल, रेखा पाल, बेबी पाल द्वारा कब्जा करने की नीयत से पिलर लगा रहे हैं। जिसकी शिकायत उसने कई बार थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उक्त लोगों के द्वारा 16 जून को जब उसका बेटा शाम करीब छह बजे अपने खेत पर जा रहा था, तो टिकट घर से देवगढ़ क्रॉसिंग के बीच रोक लिया और स्कूटी से चाबी निकाल ली और स्कूटी पर खंडा पटक दिया, जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। उक्त लोगों द्वारा उसकी बेटियों को भी परेशान किया जाता है। जिस कारण उसकी बेटी नीतू पाल ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।