गाय को बचाने में ट्रक हाईवे पर अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे पर खड़ी ट्रॉली से टकराते हुए पलट गया। हालांकि हादसे में किसी भी प्रकार से किसी को चोट नहीं लगी है।
थाना पाली इलाके में नेशनल हाईवे ग्राम पटउआ तिराहा पर शनिवार सुबह लगभग 5 बजे एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक दिल्ली से बिलासपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था। बताया गया कि हादसा गाय को बचाने की वजह से हुआ है।
विज्ञापन
आगरा निवासी ट्रक चालक ओमवीर और बादल के मुताबिक ट्रक के सामने अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे मकान के सामने खड़ी ट्राली व बोनी मशीन में जोरदार टक्कर मारते हुए पलट गया। जिसमें प्रभुदयाल राजपूत की ट्राली और बोनी मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक में रोटावेटर मशीनरी का सामान लदा हुआ था, जो पलटने के कारण बिखर गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही स्थानीय पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और यातायात को नियंत्रित करते हुए स्थिति को सामान्य किया।