स्वास्थ्य विभाग बांदा में तैनात वरिष्ठ लिपिक का 22 वर्षीय बेटा अभिनाश शांडिल्य मंगलवार रात से लापता है। उसकी एक्टिवा गोविंद सागर बांध के मुख्य गेट पर और चप्पल बांध के पानी में तैरती हुई मिली है।
गाेविंद सागर बांध के पास से एक युवक लापता हो जाने से सनसनी फैल गई है। उसकी स्कूटी बांध के पास से और चप्पल पानी में तैरती हुई मिली है। पानी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। गोताखोरों की मदद से पुलिस नदी के अंदर युवक की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन
थाना कोतवाली इलाके के इलाइट चौराहा निवासी स्वास्थ्य विभाग बांदा में तैनात वरिष्ठ लिपिक का पुत्र 22 वर्षीय अभिनाश शांडिल्य मंगलवार रात रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गया। उसकी एक्टिवा गोविंद सागर बांध के मुख्य गेट पर खड़ी मिली है। वहीं, चप्पल बांध के पानी में तैरती हुई और चश्मा सलूज पर पड़ा मिला। युवक के पानी में छलांग लगाने की आशंका के चलते मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब तीन बजे अविनाश बिना किसी को बताए घर से एक्टिवा लेकर निकला था। इससे पहले वह रात करीब दो बजे बांदा से आ रहे अपने पिता को रेलवे स्टेशन से लेकर घर आया। दोस्तों ने बताया कि रात करीब 12 बजे उसने वीडियो कॉल पर उनसे बातचीत की थी, जिसमें वह कुछ असमंजस भरी बातें कर रहा था। उसके बाद से ही उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। इसकी जानकारी दोस्तों ने परिजनों को दी, तो घरवालों ने तत्काल उसकी खोज शुरू कर दी। फिलहाल गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है।