टीकमगढ़ शहर के सागर बाईपास पर मंगलवार देर रात कार और बस की टक्कर में दो दोस्तों की मौत हो गई। तीसरे को गंभीर हालत में झांसी में भर्ती कराया गया है। तीनों दोस्त टीकमगढ़ से अपने गांव सौजना क्षेत्र के ग्राम छापछौल लौट रहे थे।
विज्ञापन
परिजन ने बताया कि कार सवार अजय (25), अरविंद (25) और हरिश्चंद (26) टीकमगढ़ कार से गए थे। लौटते वक्त उनकी कार को सागर की ओर से टीकमगढ़ आ रही यात्री बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अजय के शव को बाहर निकालने के लिए कटर से कार का गेट काटना पड़ा। अरविंद और हरिश्चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची टीकमगढ़ थाना पुलिस ने घायलों को टीकमगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां अरविंद की मौत हो गई। हरिश्चंद की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव गांव छापछौल लाए गए। यहां शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।