बार बस स्टैंड पर किसानों ने जैसे ही यूरिया से भरा ट्रक देखा तो उसे रोककर जाम लगा दिया। मौके पर ही और भी ग्रामीण पहुंच गये और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए सड़क पर उग्र किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ललितपुर अंतर्गत कस्बा बार बस स्टैंड पर गुरुवार को किसानों ने खाद से भरे एक ट्रक को रोककर सड़क पर जाम लगा दिया। यूरिया की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर आवागमन बंद हो गया और वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह प्रदर्शन कर रहे किसानों को शांत कराकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन
किसानों का आरोप है कि स्थानीय दुकानदार खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। यूरिया की एक बोरी 400 से 500 रुपये तक में बेची जा रही है, एमपी से आने वाले किसानों को खाद दी जा रही है। जबकि स्थानीय किसानों को खाद मुश्किल से मिल पा रहा है। टोड़ी निवासी राहुल ने बताया कि उन्होंने यूरिया की बोरी 450 रुपये में खरीदी है।