ग्रेनाइट खदान में हत्या कर फेंके गए मजदूर के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्यारोपी सोनू को कोतवाली पुलिस व एसओजी ने शनिवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जबावी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
कोतवाली सदर अंतर्गत चौकी नेहरू नगर क्षेत्र में ग्रेनाइट पत्थर खदान में चार सितंबर की रात को 30 वर्षीय मजदूर अनिल का अर्द्धनग्न शव मिला था। उसकी गला घोंटकर और सिर पर भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई थी। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने खुलासा करने के लिए काेतवाली सदर पुलिस सहित एसओजी, सर्विलांस टीम को निर्देशित किया था। टीमों ने आसपास सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे फुटेज खंगालना शुरू किया था। साथ में घटनास्थल पर मिले मृतक अनिल के मोबाइल की गहनता से जांच की थी। जिसमे हत्याकांड को लेकर पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे थे।
शनिवार की रात को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस व एसओजी टीम ने गल्ला मंडी चौकी अन्तर्गत हवाई पट्टी के पास हुई मुठभेड़ के बाद हत्यारोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी फायरिंग़ में सोनू के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पूछताछ में आरोपी ने अनिल का तौलिया से गला घोंटने और पत्थर से सिर पर हमला करके हत्या करना बताया। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने कहा हत्यारोपी को गिरफ्तार किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।