नीट का पेपर देने जाते अभ्यर्थी।
- फोटो : संवाद
नीट-यूजी की परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो केंद्रों पर हुई। परीक्षा में पंजीकृत 839 के सापेक्ष 762 अभ्यर्थी शामिल हुए और 77 ने परीक्षा से किनारा किया। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई और केंद्र के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा।
राष्ट्रीय सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) परीक्षा के लिए जनपद में दो केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज और जवाहर नवोदय विद्यालय दैलवारा को बनाया गया था। परीक्षा को शांतिपूर्वक और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। निर्धारित समय दोपहर 2 बजे से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा शुरू हुई और शाम 5:15 बजे परीक्षा समाप्त हुई। नीट परीक्षार्थी आपस में यह भी चर्चा कर रहे थे कि इस बार परीक्षा सकुशल हो जाए और कहीं कोई गड़बड़ी न हो।
जीआईसी प्रधानाचार्य/ केंद्र व्यवस्थापक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके केंद्र पर पंजीकृत 479 में से 437 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य/केंद्र व्यवस्थापक हूपेंद्र शर्मा ने कहा कि उनके यहां कुल 360 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 325 परीक्षा में उपस्थिति रहे। परीक्षा को शांतिपूर्वक और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भ्रमणशील रहे और परीक्षा का जायजा लेते रहे।