ललितपुर। गोवा की राजधानी पणजी में 10 दिसंबर से होने वाले तीन दिवसीय भारतीय अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में जनपद से मड़ावरा के ललितांक जैन चयनित हुए हैं। वह विज्ञान संचार की बारीकियों पर अपनी बात रखेंगे साथ ही जनजातियों की समस्या और शोध के दौरान होने वाली कठिनाइयों पर चर्चा करेंगे।
आईईएस विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सहायक प्राध्यापक पद पर कार्यरत ललितांक जैन ने बताया कि केंद्र सरकार के विज्ञान एवं तकनीकी से जुड़े विभिन्न मंत्रालय इस आयोजन को इस वर्ष गोवा में करवाने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना की परिस्थितियों के कारण इस आयोजन को हाइब्रिड मोड में करवाया जा रहा है। अधिकतर वैज्ञानिक, टेक्नोक्रेट्स, विद्यार्थी एवं समाज सेवी संस्थान वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे जबकि शोध से जुड़े व्यक्ति, प्राध्यापक, मीडिया से जुड़े बुद्धजीवी सहित कुछ ही प्रतिभागियों को गोवा में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।
10 से 13 दिसंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विज्ञान व तकनीकी के क्षेत्र में हुए नवाचारों एवं जनसंचार के आधुनिक आयामों को प्रदर्शित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड तीर्थक्षेत्र कमेटी के मंत्री डॉ. सुनील संचय ने बताया कि ललितांक विज्ञान संचार की बारीकियों पर अपनी बात रखेंगे साथ ही जनजातियों की समस्या और शोध के दौरान होने वाली कठिनाइयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि ललितांक लगातार चार वर्षों से इस विज्ञान फेस्ट के लिए चयनित हो रहे हैं, देश के विकास के लिए आधारभूत ढांचे में किस तरह से परिवर्तन किया जाए इस पर नवाचारी विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।