ललितपुर। बेटी की शादी व शिक्षा के लिए मजदूर द्वारा जमा की गई जमापूंजी डाकखाने में जमा न कर चिटफंड कंपनी में लगा दिया। चिटफंड कंपनी के भाग जाने पर रुपया वापस मांगा तो कंपनी के एजेंट व उसके पिता ने गाली गलौज कर धमकाया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला तालाबपुरा निवासी श्यामलाल ने न्यायालय को प्रार्थना पत्र दिया था। बताया था कि उसका पुत्र बलराम मजदूर है।
नातिन काव्या की शादी और शिक्षा के लिए बलराम ने परिचित अभिकर्ता अनुराग जैन निवासी बिदुआ कॉलोनी के माध्यम से डाक विभाग में एफडी के लिए 31 मार्च 2018 को 63,750 रुपये दिए थे। आरोपी अनुराग जैन ने धोखाधड़ी कर धनराशि डाकखाने में जमा न कर आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड में जमा कर दिए।
अनुराग जैन ने बताया था कि उक्त कंपनी में जमा रुपया 31 मार्च 2024 तक कुल 127500 हो जाएगा। इसके बाद पुत्र बलराम को जानकारी हुई कि उक्त आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड का कोई पता नहीं है।
उसके कर्मचारी फरार चल रहे हैं। बलराम ने 27 अगस्त को कंपनी के एजेंट अनुराग से संपर्क किया और पूछताछ की तो कोई उत्तर नहीं दिया। रुपया लौटाने से इन्कार कर दिया। घटना की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। संवाद