ललितपुर। पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त में जनपद के 1.90 लाख किसानों के खातों में 38.11 करोड़ रुपये की धनराशि पहुंचाई गई। इनमें दो हजार रुपये प्रति किसान को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने किस्त जारी की गई। इसके तहत जनपद के 1,90,590 किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये प्रति किसान के हिसाब से भेजे गए। इस प्रकार उक्त किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त में 38,11,80,000 रुपये पहुंच गए हैं। वहीं किसान किस्त जारी होने पर अपने अपने खातों में चेक भी कर रहे हैं और यदि किसी किसान के खातों में राशि नहीं पहुंची तो वह उसे कृषि विभाग में पहुंचकर चेक भी करवा रहा है।
उपकृषि निदेशक अख्तर हुसैन ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सरकार की महत्वपूर्ण किसान हितैषी योजना है। इसके माध्यम से पात्र किसान परिवारों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वहीं किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शेष नाथ सिंह चौहान के नेतृतव में एक किस्त हस्तांतरण का एक लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। यह धनराशि किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। वहीं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आयोजन के दौरान किसानों को सरसों की दस मिनीकिट का वितरण भी किया गया। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी रंजीत कुमार चौरसिया, कृषक संगठनाें के प्रतिनिधि कीरत बाबा, पहाड़ सिंह, राजपाल यादव आदि उपस्थित रहे।