ललितपुर। खरीफ के सीजन में इस बार अब तक 55,050 किसानों का फसल बीमा हुआ है। ऋणी किसानों का बीमा अभी भी बैंकों में हो रहा है। जबकि गैर ऋणी किसानों का 14 अगस्त तक ही बीमा किया जाना था।
खरीफ के सीजन में गैर ऋणी किसानों के लिए खरीफ की फसल का बीमा कराने के लिए 14 अगस्त तक पोर्टल खोला गया था, जिसमें जनपद के 3,162 किसानों ने 22,682 आवेदन दिए हैं, जिनका बीमा किया गया है। वहीं विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋणी किसानों का बीमा किया जा रहा है, जो 31 अगस्त तक किया जाना है। इसके तहत अब तक जनपद में 51,888 ऋणी यानि किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा किया गया है। इस प्रकार जनपद में अब तक गैर ऋणी और ऋणी कुल 55,050 किसानों का इस योजना में बीमा किया गया है। उपकृषि निदेशक अख्तर हुसैन ने बताया कि 14 अगस्त तक गैर ऋणी 3,162 किसानों ने 22,682 आवेदन दिए हैं, जिनका बीमा किया गया है। जबकि अब तक 51,888 ऋणी किसानों के बीमा हुए हैं। ऋणी किसानों के बीमा 31 अगस्त तक होंगे।
-
पिछले वर्ष खरीफ में हुआ था कुल 1.10 लाख किसानों का फसल बीमा
खरीफ-2025 सीजन के दौरान फसल बीमा योजना के तहत कुल 1,10,416 (लगभग 1.10 लाख) किसानों का बीमा हुआ था। इन किसानों को उड़द फसल के मध्यावधि क्लेम के रूप में कुल 60.34 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई थी।
-
जुलाई माह में नहीं खुला था पोर्टल
खरीफ की फसल के सीजन में कभी ज्यादा बारिश, तो कभी कम बारिश होने से किसानों को फसलों में नुकसान झेलना पड़ता है। पिछली बार भी खरीफ और रबी की फसल में अतिवृष्टि से किसानों को फसलों का भारी नुकसान हुआ था। किसानों को मौसम की मार से कुछ हद तक राहत देने के लिए कृषि विभाग की ओर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एक जुलाई से 31 जुलाई तक की तिथि तय की गई थी। बीमा कंपनी के माध्यम से बीमा कराए जाते हैं। इस बार भी किसानों के बीमा जुलाई के पूरे महीने होने थे, लेकिन इस बार पूरे महीने में किसानों के बीमा कराने के लिए पोर्टल खुला ही नहीं। इसके बाद छह से चौदह अगस्त तक ही पोर्टल खोला गया जिसमें 3,162 गैर ऋणी किसानों के बीमा हुए हैं।