कड़े मुकाबले में हरिद्वार ने तालबेहट को और टीकमगढ़ ने मालथौन को किया पराजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। पाली खेल महोत्सव एवं मेले के पांचवें दिन शुक्रवार को खेल मैदान पर कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने किया। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। उन्होंने चेयरमैन मनीष तिवारी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ये आयोजन जनपद के लिए मिसाल बनेगा।
प्रतियोगिता के शुभारंभ में मालथौन ने उन्नाव की टीम को पराजित किया। इधर, दूसरे मैच में तालबेहट ने हरिद्वार की टीम को पराजित किया। तीसरे मैच में टीकमगढ़ ने बबीना को और चौथे में जामुन धाना ने तालबेहट को हराया। सेमीफाइनल में हरिद्वार ने तालबेहट को और टीकमगढ़ ने मालथौन को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला शनिवार को हरिद्वार और टीकमगढ़ के बीच खेला जाएगा। आयोजक नगर पंचायत अध्यक्ष मनीष तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, मंडल अध्यक्ष ब्रजेश राजपूत आदि मौजूद रहे। मैच की कमेंट्री पुष्पेंद्र ठाकुर ने की। रेफरी की भूमिका देवेंद्र राठौर और अरविंद सिंह राजपूत ने निभाई।