विजेताओं को पुरस्कृत करते मुख्य अतिथि रमेश खटीक।
- फोटो : LALITPUR
बानपुर (ललितपुर)। कस्बा बानपुर के महाराजा मर्दन सिंह क्रिकेट ग्राउंड पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कराए गए अंतरराज्यीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में महाराजा मर्दन सिंह क्रिकेट क्लब बानपुर को चैंपियन क्लब झांसी ने 62 रनों से हराकर जीत हासिल की। मुख्य अतिथि रमेश खटीक व सुबोध रावत ने विजेता और उपविजेता को ट्राफी प्रदान की।
चैंपियन क्लब झांसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 25 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए। झांसी की ओर से अविनाश ने तीन चौके की मदद से शानदार 46 रन बनाए। उनका साथ आकाशदीप ने 29 रन बनाकर दिया जिसमें चार चौके और एक छक्का लगाया। बानपुर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए मानवेंद्र ने तीन विकेट व राजेश ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में 190 रन का पीछा करते हुए बानपुर की पूरी टीम 127 रन बनाकर आल आउट हो गई। बानपुर की ओर से भूपेंद्र ने तीन चौके और चार छक्के की मदद से 43 रन बनाए। दानिश ने एक चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। झांसी की ओर से आकाशदीप ने तीन विकेट व अक्षय सेन ने तीन विकेट हासिल किए। मैच के उपरांत झांसी के अक्षय सेन को शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया और सक्षम को प्रतियोगिता के तीन मैचों में 194 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। विजेता टीम को 21000 रुपये की राशि व ट्राफी तथा उपविजेता टीम को 11000 रुपये व ट्राफी प्रदान की गई। मैच का आंखों देखा हाल सहावेन्द्र प्रताप सिंह गहरवार, डॉ. आशीष रावत और वीरू राजा ने सुनाया। स्कोरर जय जैन और सचिन खटीक रहे। अरविन्द्र सिंह गहरवार व नितिन जैन गुल्ले अंपायर रहे।