ग्राम बरखिरिया में सड़क में एकत्रित गंदे पानी से होकर निकलती बालिका
- फोटो : LALITPUR
कारीटोरन। विकासखंड बिरधा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम बरखिरिया में मुख्य सड़क पर नाली के अभाव में गंदा पानी एकत्रित हो रहा है, इससे सड़क पर कीचड़ हो गया है। मरम्मत के अभाव में राहगीरों को आने-जाने में असुविधा हो रही है। वहीं, नाली का भी निर्माण नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नए जनप्रतिनिधियों के चुनने की बारी है लेकिन तमाम गांवों में सड़क, नाली की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ऐसा ही एक ग्राम बरखिरिया है। यहां मुख्य सड़क के दोनों ओर नाली नहीं है, जिससे आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। यहां बाशिंदे काफी समय से सड़क पर जमा हो रहे गंदे पानी से परेशान हैं। उस समय राहगीरों को ज्यादा परेशानी होती है, जब कोई दुपहिया, चार पहिया वाहन कीचड़युक्त सड़क से निकल रहा हो। यहां से वाहनों के निकलते समय कीचड़ उछलकर राहगीरों पर गिर जाता है। वहीं, मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी आने-जाने में असुविधा हो रही है।
-----
गांव में कई जगह नाली के निर्माण की जरूरत है। इसके बाद भी नालियां नहीं बन पाई हैं। इन्हीं में से एक यह रोड है। यहां गंदे पानी में छोटे बच्चे आए दिन फिसल जाते हैं। इसके अलावा राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। राघविंद्र नायक
-----
गंदा पानी सड़क में भरने से मच्छर और गंदगी दोनों ही पनप रही है। वहीं, बीमार लोगों को सड़क में भरे पानी से निकलने में काफी तकलीफ होती है। इन दिनों चुनावी चर्चाओं के बीच गांव में कराए गए कार्यों की भी लोगों में खूब चर्चा हो रही है राकेश झा