मेन मार्केट की घटना से व्यापारियों में आक्रोश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चोरों ने बृहस्पतिवार रात कस्बा जाखलौन के मेन मार्केट स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में सेंध लगा दी। चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और तिजोरी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर चंपत हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कस्बा जाखलौन निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि मेन मार्केट में उनकी सोने-चांदी व स्टील के बर्तनों की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम को वह रोज की तरह दुकान बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि तिजोरी में रखे करीब तीन किलोग्राम चांदी, 10 ग्राम सोने के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद गायब हैं। चोरी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में दुकानदार मौके पर जुट गए।
सूचना पर थाना जाखलौन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।