संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/पाली। पुलिस की लचर गश्त व्यवस्था का फायदा उठाकर शुक्रवार रात चोरों ने मुख्य बाजार में स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगाकर करीब 15 लाख के सोने चांदी के जेवरात पार कर दिए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीबीआर भी चोर ले गए। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मौके पर जांच-पड़ताल की।
कस्बा पाली निवासी राकेश पटेरिया की मुख्य बाजार में ज्वैलर्स की दुकान है। शनिवार सुबह जब राकेश दुकान के ताले खोलकर अंदर पहुंचा तो यहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। दुकान के पीछे वाली दीवार में एक बड़ा सा छेद था और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। दुकान में चोरी होने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पता चला कि शुक्रवार रात चोर दुकान के पीछे निर्माणाधीन मकानों के पास रखी एक सीढ़ी का सहारा लेकर छत के रास्ते पड़ोस के खाली पड़े मकान में पहुंचे। वहां से दुकान की दीवार को काटकर अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी को तोड़ा और सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए। सीओ पाली रक्षपाल सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोर करीब 15 लाख के 7-8 किलोग्राम चांदी और 130 ग्राम सोने के जेवरात चाेरी कर ले गए।
-
लॉकर तोड़ने का किया प्रयास: दुकान में रखी अलमारी का लॉक तोड़ने के बाद चोरों ने यहां रखे एक लॉकर को भी तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन, वह इसे तोड़ नहीं सके। उक्त लॉकर में भी सोने-चांदी के जेवरात रखे थे।
-
रेकी करने के बाद की वारदात: अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने पहले दुकान की रेकी की थी, इस कारण वह यहां की सभी परिस्थितियों से परिचित थे। दुकान की दीवार में जिस प्रकार से बड़ा छेद किया गया उसे देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर अपने साथ कटर भी लाए थे।
-
रखवाली करने वाली महिला सोती रही, चोरों ने कर दिया हाथ साफ
जिस दुकान में वारदात हुई, उसकी रखवाली की जिम्मेदारी दुकानदार ने एक महिला को दे रखी थी। वह 6-7 वर्ष से रखवाली करती चली आ रही है। कभी दुकान की रखवाली को महिला तो कभी उसके पुत्र आ जाते थे। दुकानदार जब ताला लगाकर घर चला जाता था तो दुकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे की चाबी महिला के पास होती थी। शुक्रवार रात को भी महिला कमरे में सो रही थी, लेकिन उसे भनक नहीं लगी। पुलिस उक्त महिला से भी गहनता से पूछताछ कर हर पहलू पर जांच कर रही है।