संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन। ग्राम गुड़ाबुजुर्ग में संरक्षित भूमि पर कथित रूप से बिना अनुमति कराए जा रहे शादी घर के निर्माण के मामले में प्रशासन ने संज्ञान लिया है। मामला सामने आने के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया।
ग्राम गुड़ाबुजुर्ग निवासी ध्रुव प्रताप सिंह बुंदेला ने शिकायत कर आरोप लगाया था कि गाटा संख्या 823, जो मृत पशुओं एवं अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण के लिए संरक्षित भूमि के रूप में दर्ज है, पर बिना अनुमति शादी घर का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी।
एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे लेखपाल और अन्य राजस्व कर्मियों ने स्थल का निरीक्षण कर संबंधित पक्षों से जानकारी ली। जांच टीम ने निर्माण कार्य की स्थिति का आकलन किया और प्रारंभिक जांच के आधार पर जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि भूमि की प्रकृति, निर्माण की वैधानिक स्थिति और आवश्यक अनुमतियों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर जांच शुरू किए जाने से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जगी है। फिलहाल जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य बंद रहेगा। प्रशासनिक रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।