ललितपुर। विकास भवन सभागार में 10 अनुदेशकों को राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ व सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने नियुक्ति पत्र दिए। साथ ही लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के वर्ष 2025 में घोषित परिणामों में चयनित 1,510 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र का वितरण कार्यक्रम लखनऊ में किया गया। वहीं, जिले में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने युवाओं से नौकरी का वादा किया, लेकिन भाजपा सरकार देकर दिखा रही है। सदर विधायक ने कहा कि पूर्व की सरकारों में सिफारिश से नौकरी मिलती थी, लेकिन अब योग्यता के अनुसार नौकरी मिल रही है। नोडल प्रिंसिपल आईटीआई ने कहा कि जनपद को 10 अनुदेशक मिले हैं, जिनमें आईटीआई तालबेहट और महरौनी के लिए चार-चार व आईटीआई ललितपुर में दो को नियुक्त किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।