ललितपुर। सोमवार को स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां कर ली गईं है। सरकारी भवनों के अलावा घंटाघर को रोशनी से सजा दिया गया है।
सुबह नगर में प्राइमरी व जूनियर स्कूलों के छात्र- छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो कि तुवन से शुरू होकर घंटाघर से होते हुए सावरकर चौक, तालाबपुरा होते हुए वापस तुवन मंदिर पहुंचेगी। सुबह सवा सात बजे जिलाधिकारी डा रुपेश कुमार घंटाघर पर स्थित महात्मा गांधी व चंद्रशेेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके साथ ही डीएम वीर सावरकर, डा अंबेडकर की मूर्तियों पर भी माल्यार्पण करेंगे। सुबह आठ बजे कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा। ध्वजारोहण व राष्ट्रगान के बाद सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया जाएगा। हर पौधे के साथ रोपण करने वाले अधिकारी का नाम लिखा होगा, जिससे उस पेड़ की जिम्मेदारी करना उक्त अधिकारी का दायित्व बना रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया जा रहा है। यह दौड़ स्टेडियम से शुरु होकर कैलगुंवा चौराहे तक व वापस स्टेडियम पहुंचेगी। जिला चिकित्सालय में फल वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही राजकीय किशोर गृह, राजकीय सम्प्रेक्षण बाल गृह, मदर टेरेसा आश्रम, आदर्श विद्यालय व जेेल में महिला कैदियों को फल वितरित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से काशीराम कालोनी राजकीय महाविद्यालय व विष्णुपुरा में स्वास्थ्य शिविर लगाएं जाएंगे। जीआईसी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। नगर की मलिन बस्तियों में सफाई अभियान नगर पालिका की ओर से चलाया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस लाइन में भी स्वंतत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।