ललितपुर। जिले में लगातार साइबर क्राइम के मामले बढ़ रहे हैं। यहां पर कई लोगों को रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठग लिया गया है, तो कइयों की फेसबुक आईडी हैक कर ली गई है। हद तो तब हो जाती है, जब कई मामलों के बाद भी अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं हो पाता है।
शासन द्वारा साइबर क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए साइबर सेल का गठन किया गया है, जिन्हें साइबर क्राइम के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है। लेकिन, जिले में लगातार सोशल साइट्स हैक करने के मामले आ रहे हैं। इसमें कई लोगों की फेसबुक आइडी हैक कर रुपयों की मांग की जा रही है, जिसमें साइबर अपराधी आइडी हैक कर फेसबुक के मित्रों को आकस्मिक कारण बताकर मैसेंजर के माध्यम से रुपयों की मांग कर रहे हैं। कई लोग ऐसे में उसे मित्र समझकर शिकार हो जाते हैं, जबकि वास्तविक आईडी के व्यक्ति को मामले की जानकारी नहीं हो पाती है। कई बार तो ठगी होने के बाद जानकारी मिल पाती है।
इतना ही नहीं, बीते माहों पूर्व जनपद के कई लोग रुपये दोगुने करने व ऋण उपलब्ध होने का झांसा देकर रुपये ले उड़े हैं। कई बार साइबर अपराधी बैंक का हवाला देकर मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी जान लेते हैं। इसके बाद बैंक के खाते से रुपये निकाल लेते हैं। लेकिन, अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
शहर कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला तालाबपुरा डेम कॉलौनी निवासी राजेंद्र कुमार शर्मा ने फेसबुक आइडी हैक कर दस हजार रुपये हड़प करने के मामले को लेकर पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। बताया कि पीड़ित बेसिक शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत है। मेरी फेसबुक आईडी हैक कर मरीज की फोटो अपलोड कर मेरे मित्र के पुत्र से दुर्घटना के नाम पर दस हजार रुपये की मांग कर रहा है। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रशांत मलैया ने ओटीपी जान कर खाते से रुपये निकालने का आरोप को लेकर पुलिस को शिकायती पत्र देकर जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र में बताया कि 20 अप्रैल की सुबह आठ बजे फोन आया, जिसके बाद खाते से तीन बार में शाम के सयमय 48,499 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
लोगों को साइबर क्राइम के प्रति समय-समय पर जागरूक किया जाता है। साइबर क्लास भी लगाई गई। बैंक खाते से रुपये निकालने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- संजय शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक, शहर कोतवाली