नत्थीखेड़ा/ तालबेहट। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम पुराखुर्द में एक युवक की बिजली का करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। ग्राम पुराखुर्द निवासी रामेश्वर (26) पुत्र जय सिंह लोधी मंगलवार को सुबह नौ बजे अपने खेत के समीप रखे ट्रांसफार्मर से बिजली की लाइन जोड़ रहा था। अचानक वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद नत्थीखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। मृतक के कोई संतान नहीं है। इस घटना से परिवार में शोक छा गया।