ललितपुर। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए लोगों को इधर - उधर नहीं भटकना पड़ेगा। शासन द्वारा मेरा कोविड केंद्र नाम से एप लांच किया जा रहा है। इसमें जांच केंद्र के संबंध में आसानी से जानकारी मिल जाएगी। शीघ्र ही इस एप के लांच होने की उम्मीद है।
सर्दी का मौसम शुरू होते ही कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। बढ़ते संक्रमण को लेकर लोग भी सतर्क हो गए हैं। इसके मद्देनजर कोरोना जांच सेंटरों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। जांच कराने पहुंच रहे तमाम लोग भीड़ देखकर बिना जांच कराए लौट जाते हैं। इस कारण कई लोग की जांच कराने में देरी हो रही है। जांच में हो रही परेशानी को देखते हुए अब शासन ने मेरा कोविड केंद्र के नाम से एप लांच करने की तैैयार कर ली है। इस एप में लोगों को कोविड जांच सेंटर की जानकारी उपलब्ध होगी। एप गूगल मैप से जुड़े जांच केंद्र की दूरी व मोबाइल नंबर भी दर्शाएगा। इससे लोग आसानी से जांच सेंटर पर पहुंच कर कोरोना जांच करा सकेंगे। एप से लोगों को जांच कराना आसान हो जाएगा। स्वास्थ्य महकमा ने इसकी तैयारी कर ली है।
----
जिले में हैं 11 जांच सैंटर
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण की जांच के लिए 11 सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटर बनाए हैं। इनमें जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड, ओपीडी पंजीयन सेंटर के पास, जिला महिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट परिसर, कोतवाली के सामने रैन बसेरा और ग्रामीण क्षेत्र में सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थित सीएचसी व पीएचसी पर बनाए गए हैं। इनका विवरण एप पर अपलोड किया गया है।
------
शासन के निर्देश पर मेरा कोविड एप पर मांगा गया विवरण अपलोड किया जा चुका है। एप लांच होते ही व्यक्तियों को एप के माध्यम से कोविड जांच ंसेंटरों की जानकारी मिल सकेगी।
- डा. देशराज सिंह
नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग