ललितपुर। विवाद की सूचना पर मोहल्ला डोडाघाट पहुंचे डायल-112 के सिपाही व होमगार्ड दोनों पक्षों को समझा कर लौट रहे थे तभी आरोपियों ने उनका वाहन रोक लिया और अभद्रता करते हुए होमगार्ड को थप्पड़ मार दिया। वहीं, सिपाही से गाली-गलौज कर उसकी वर्दी फाड़ दी। दो नामजद सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली सदर क्षेत्र में संचालित पीआरवी पर तैनात याशवेंद्र राजपूत मंगलवार को होमगार्ड वीरन सिंह को लेकर मोहल्ला डोंडाघाट गया था। उन्होंने मौके पर जाकर शिकायतकर्ता व दूसरे पक्ष को समझाया और वहां से लौट रहे थे, तभी आरोपी मनीष, उसका दोस्त छोटू रजक व अन्य ने पीआरवी को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने पीआरवी चालक होमगार्ड वीरन सिंह को थप्पड़ मार दिया। जब सिपाही याशवेंद्र ने छोटू रजक पर नाराजगी जताई तो वे लोग उससे भी उलझ गए।
आरोपी गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। इस दौरान उन्होंने सिपाही की वर्दी फाड़ दी। मनीष पंत व उसके दो साथियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और छोटू रजक को छुड़ा लिया। भागते समय आरोपी छोटू ने मोहल्ले में दोबारा आने पर पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस कर्मियों से मारपीट की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स पहुंच गया।
सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।