संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित छोटे से मंदिर में रखी भोलेबाबा की मूर्ति हटाने को लेकर रविवार शाम हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस फोर्स ने पूरे विधि विधान से मूर्ति की पुनर्स्थापना करने का आश्वासन दिया। दो से ढाई घंटे बाद मामला शांत हुआ। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने सिविल लाइन चौकी प्रभारी विवेक धामा को निलंबित कर दिया।
रविवार को मेडिकल कॉलेज के गेट के पास स्थित मंदिर में रखी भोले बाबा की मूर्ति हटा दी गई। देर शाम हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे।
इस बीच एसडीएम सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह व सीओ सदर अजय कुमार भी पहुंचे। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन चौकी प्रभारी पर भोलेबाबा की मूर्ति हटाने का आरोप लगाया। एसडीएम ने गहनता से जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया, तब कहीं जाकर लोग शांत हुए। इसके बाद कार्यकर्ता कोतवाली सदर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने उनकी बात को सुना और निर्धारित स्थल पर मूर्ति को पुन: स्थापित करने का आश्वासन दिया।
-
हिंदू समाज ने एसपी को दिया शिकायती पत्र
हिंदू समाज के लोगों ने शिकायती पत्र पुलिस अधीक्षक को दिया। बताया कि सिविल लाइन चौकी प्रभारी और 4-5 अज्ञात पुलिसकर्मियों ने रविवार शाम को मेडिकल कॉलेज के गेट के पास बने छोटे से मंदिर से शंकर जी की मूर्ति को हटा दिया। जबकि, रविवार को ही चैत्र नवरात्र शुरू हुआ। इस घटना से हिंदू समाज में काफी आक्रोश है। चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। शिकायती पत्र पर अभय मिश्रा, हरेंद्र राजा, देवेंद्र सिंह, शिवम सोनी, आशीष हुण्डैत, शिवाजी राजा, राजकुमार सोनी के हस्ताक्षर हैं।
-
वर्जन
अपर पुलिस अधीक्षक को जांच सौंपी गई है। चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। नए चौकी प्रभारी की नियुक्ति की जा रही है।-मोहम्मद मुश्ताक, एसपी