ललितपुर। आम बजट में आवागमन में कम समय में सुविधायुक्त यात्रा के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रेनों की स्पीड को बढ़ावा देने की योजना तैयार होगी और सड़क मार्गों का विकास किया जाएगा। इससे लोग कम समय में सफर पूरा कर सकेंगे।
बजट में परिवहन का विशेष ख्याल रखा गया है। अधिकांश ट्रेनें अपने समय से देरी से चलती हैं, लेकिन बजट में यात्रा के लिए विशेष ध्यान दिया गया है। तेजस जैसी ट्रेनों को और अन्य रूटों पर दौड़ाया जाएगा। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए वाईफाई की सुविधा शुरू की जाएगी। राजमार्गों का विकास होने से वाहनों को चलाने में सुविधा होगी और बिना किसी अवरोध के यात्रा कर सकेंगे। इससे लोगों को कम समय में यात्रा करने की सुविधा मिल सकेगी।
----------
वर्तमान में ट्रेनों के संचालन की गति धीमी है। इससे लोगों का यात्रा में अधिक समय खर्च हो रहा था। लेकिन, अब ट्रेनों की स्पीड बढ़ने से कम समय में यात्रा हो सकेेगी।
- राजेंद्र
कई बार स्टेशनों पर ट्रेनें देरी से आने के कारण काफी इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में बैठने पर समय नहीं कटता था। अब स्टेशन पर वाईफाई सुविधा से समय कट जाएगा।
- रिजवान खां
ट्रेनों के इलेक्ट्रिक होने से डीजल की खपत में कमी आएगी। कम खर्चे में ट्रेन का संचालन हो सकेगा। साथ ही ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी।
- असलम
बजट में योजनाओं व विकास का पिटारा तो खोल दिया गया, लेकिन इन सभी का पालन कर धरातल पर भी उतारा जाए। जिससे सुविधाएं मुहैया हो सकें।
- अकरम अली
राजमार्गों के विकास होने से लोगों को यात्रा करने में सुविधा होगी। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी होगी। यह सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है।
- सोबरन सिंह
राजमार्ग के विकास होने के साथ ही इन पर यात्रा की सुविधा के लिए रोडवेज बसों के संचालन की संख्या भी बढ़ाई जाए। इससे यात्रा में वाहनों की कमी महसूस न हो।
- आकाश ओझा