ललितपुर। जिले में चलाए जा रहे हेलमेट लाओ गाड़ी ले जाओ अभियान के अब सार्थक परिणाम आने लगे हैं। घंटाघर चौराहे पर शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक बिना हेलमेट के पकड़ा गया तो उसकी मां ने उसे लाकर दिया और हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने की नसीहत दी। यह घटनाक्रम दिन भर चर्चाओं का विषय रहा, जिसकी सराहना भी की जा रही है।
जिले में दो पहिया वाहनों चालकों द्वारा हेलमेट का न के बराबर किया जाता है। सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होने वाले वाहन चालक हेलमेट नहीं लगाए रहते हैं। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान ने हेलमेट लाओ, गाड़ी ले जाओ अभियान शुरू किया है, इसमें बिना हेलमेट बाइक चलाते पकड़े जाने पर चालक द्वारा हेलमेट लाकर दिखाने का प्रावधान रखा गया है।
क्षेत्राधिकारी यातायात बल्देव सिंह खनेड़ा ने मुनादी कराकर लोगों को अभियान की जानकारी दी, लेकिन लोगों ने रुचि नहीं दिखाई। यातायात प्रभारी ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग में एक वाहन चालक को बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर रोका गया। वाहन चालक के साथ उसकी मां भी थी। यातायात पुलिस की मुहिम की तारीफ करते हुए मां ने तुरंत हेलमेट खरीदकर बेटे को पहनाया और यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी। शुक्रवार को हुई चेकिंग में डेढ़ सैकड़ा वाहनों को जब्त किया गया, हेलमेट लाने पर उन्हें छोड़ भी दिया गया।