ललितपुर। मंगलवार को सुबह हुई झमाझम बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। मोहल्ला आजादपुरा में सबसे ज्यादा समस्या देखी गई। यहां खाली प्लॉटों में भरा पानी सड़कों से होकर बहा। इस कारण लोगों को आने-जाने में असुविधा हुई।
दो दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सुबह सात बजे से बरसात आरंभ हो गई। इस दौरान झमाझम बारिश हुई। हालांकि, बाद में बूंदाबांदी होती रही। इससे मोहल्ला आजादपुरा के खाली प्लॉट पानी से लबालब हो गए और उसका पानी सड़क से होकर बहने लगा। इससे सीसी सड़कों पर फिसलन की समस्या उत्पन्न हो गई। वहीं, भरतपुरा हाउस के आसपास सड़क पर कीचड़ बन गया। मोहल्ला तालाबपुरा की कई गलियों में जल जमाव की स्थिति देखी गई। कैलगुवां तिराहे की सड़क पर पानी भर गया।
---
खाली प्लॉट जगह-जगह छूटे हुए हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी भर जाता है। अब प्लॉटों में भरा पानी सड़क से होकर बह रहा है। इससे आने-जाने में असुविधा हो रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
चांद
--
कुछ लोगों ने बिना ले आउट के कालोनी विकसित कर दी हैं लेकिन पानी की निकासी पर ध्यान नहीं दिया। नाले पर भी अतिक्रमण कर लिया। इससे खेतों का पानी सड़क से बह रहा है। इसकी शिकायत पहले ही नगर पालिका में कर चुके हैं।
हरिओम कुशवाहा
---
वार्ड नंबर 16 आजादपुरा प्रथम के अंतर्गत करीमनगर मे ऐरा हाउस के पास नाला व मजार के पास नाली में पानी के बहाव के समतल पानी की पाइपलाइन डाल दी गई है, जिससे नाले व नाली के पानी का बहाव कम हो गया है। इस कारण उस क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
इदरीश राईन
---
खाली प्लॉट में जल जमाव होने की जानकारी मिली है। इस समस्या का निराकरण कराया जाएगा।
जितेंद्र तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, नगर पालिका