पुलिस द्वारा प्रताड़ित व्रद्ध के घर पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस से प्रताड़ित वृद्ध के घर पहुंचा और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने घटना में संलिप्त पुलिस कर्मियों पर एफआइआर सहित कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बांसी के ख़िरकनपुरा पहुंचा। यहां के निवासी सिरनाम सिंह व ज्ञान सिंह से हाल चाल जाना। उन्होंने बताया कि पड़ोस के किसी व्यक्ति के बकरे को आवारा कुत्तों ने खा लिया, जिसकी सूचना बकरा मालिक ने पुलिस को दी। उक्त सूचना पर पुलिस ने सिरनाम सिंह यादव को थाने में बुलाया और दो दिन तक थाने में ही कैद रखा व गालीगलौज कर पैसे की मांग करते रहे। आरोप है कि 15 अगस्त को एक पुलिसकर्मी ने 65 वर्षीय वृद्ध की मूंछे उखाड़ दी व कान खींचे। यही नहीं, दोनों कानों में जोर से थप्पड़ भी मारे, जिस कारण वृद्ध के कान में सूजन आ गई। पुलिस द्वारा बुलाये गए एक व्यक्ति के सामने जानबूझकर पुलिस द्वारा वृद्ध की मारपीट की गई, जिसे देखकर वह भयभीत हो गया। पुलिस के दबाव में 6 हजार रुपये दिए गए। इस जानकारी पर जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने एसओ प्रभारी जखोरा से फोन पर बात कर घटना पर विस्तृत जानकारी ली। पुलिसकर्मी गुर्जर को लाइन हाजिर कर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित यादव, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रितिक शुक्ला मोंटी, जिला महासचिव व विधानसभा प्रभारी राकेश रजक, प्रदेश महासचिव एनएसयूआई संजय जाटव, रोहित कुशवाहा व सुरेश गुप्ता बांसी मौजूद रहे।