ललितपुर। जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं। यहां विशेषज्ञों के 30 पदों के सापेक्ष महज चार चिकित्सक ही कार्यरत हैं। इनमें महरौनी में दो, जबकि तालबेहट और मड़ावरा में एक-एक विशेषज्ञ तैनात हैं। तीन सीएचसी बार, बिरधा और जखौरा में एक भी विशेषज्ञ नहीं है। ऐसे में सीएचसी पर आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ उपचार नहीं मिल पा रहा है और गंभीर मरीजों को जिला मुख्यालय रेफर करना पड़ रहा है।
जिले के छह ब्लॉक मुख्यालयों पर सीएचसी संचालित हैं। इन पर कस्बों के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। शासन ने प्रत्येक सीएचसी पर पांच विशेषज्ञ और दो सामान्य चिकित्सकों के पद स्वीकृत किए हैं। विशेषज्ञों में सर्जन, फिजीशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। इस हिसाब से छह सीएचसी पर 30 विशेषज्ञों के पद हैं, लेकिन इनमें महज चार ही कार्यरत हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का सीधा असर मरीजों के उपचार पर पड़ रहा है। सीएचसी पर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति या विशेषज्ञ की जरूरत होने पर रेफर कर दिया जाता है। लंबे समय से बनी इस स्थिति के कारण अब गंभीर मरीज और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने वाले लोग सीधे जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रत्येक सीएचसी से 24 घंटे में औसतन चार से पांच मरीज रेफर किए जा रहे हैं।
मरीजों करना पड़ता है रेफर
छह सीएचसी में किसी पर भी नियमित रूप से सीजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध नहीं है। यहां केवल सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। मड़ावरा, महरौनी और तालबेहट सीएचसी पर मुख्यालय या अन्य सीएचसी से विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाकर कभी-कभार सीजेरियन प्रसव कराए जाते हैं। अधिकांश मामलों में प्रसूताओं को रेफर करना पड़ता है। प्रत्येक सीएचसी से 24 घंटे में करीब दो प्रसूताएं रेफर हो रही हैं। यही वजह है कि जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे में 25 से 30 प्रसव होते हैं, जिनमें चार से पांच सीजेरियन प्रसव शामिल हैं।
है।
-
जनपद की सीएचसी पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। 30 पदों के सापेक्ष महज चार विशेषज्ञ ही कार्यरत हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए शासन को पत्राचार किया गया है। चिकित्सक उपलब्ध होने पर नियुक्ति की जाएगी।
डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ, ललितपुर