ललितपुर। मेडिकल कॉलेज समेत सीएचसी पर लगे हेल्थ एटीएम धूल फांक रहे हैं। चार सीएचसी पर खराब पड़े हैं तो दो पर इनका संचालन नहीं हो रहा है। मरीजों को सामान्य जांच के लिए कतारों में लगना पड़ रहा है।
सरकारी अस्पतालों में मरीजों को जांच के लिए कतार में न लगना पड़े, इसके लिए वर्ष 2022-23 में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एटीएम लगवाए गए थे। अधिकारियों ने दस मिनट में ही जांच रिपोर्ट देने का दावा किया था। जांच के लिए मरीज का मोबाइल नंबर, नाम, पता व उम्र और पिन कोड डालना होता है। इसके बाद रोग की जांच की जाती है। फिर रिपोर्ट का प्रिंट निकल आता है। शुरुआत में जांच की सुविधा मिली। लेकिन, वर्तमान में एक भी एटीएम से जांच नहीं हो पा रही है।
मेडिकल कॉलेज का हेल्थ एटीएम एक वर्ष से खराब पड़ा है। वहीं, सीएचसी बिरधा, महरौनी, मड़ावरा में भी काम नहीं कर रहा है। तालबेहट में इनकी जांच के लिए स्ट्रिप कार्ड और ईसीजी रील ही नहीं है। जबकि, जखौरा व बार में स्थापित नहीं हो सका है। इससे सुविधा शुरू ही नहीं हो सकी है।
-
मरीजों को आना पड़ रहा दूसरे दिन : हेल्थ एटीएम न चलने से मेडिकल कॉलेज से सीएचसी तक की पैथोलॉजी में मरीजों की कतार लग रही है। कई बार रिपोर्ट मिलने तक ओपीडी बंद हो जाती है, ऐसे में मरीजों को परामर्श के लिए दूसरे दिन आना पड़ रहा है।
-
हेल्थ एटीएम में इन जांचों की है सुविधा
हेल्थ एटीएम से शरीर की स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, ऑक्सीजन की मात्रा, तापमान, हीमोग्लोबिन, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फैट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट, ईसीजी की जांच होती है। इसके अलावा ग्लूकोज, लिपिड प्रोफाइल, डेंगू, चिकनगुनिया, टीएलसी, डीएलसी समेत 50 से अधिक जांचें हो सकती हैं।
-
हेल्थ एटीएम कुछ जगह खराब हैं, जिन्हें जल्द ही ठीक कराया जाएगा। साथ ही सामग्री उपलब्ध कराकर जांच शुरू कराई जाएगी।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ