ललितपुर। जनपद में भारी बारिश के कारण किसानों को खरीफ की फसलों में भारी नुकसान हुआ था। अब रबी की फसलों की आधी बोआई भी हो गई, लेकिन खरीफ की फसलों का बीमा कराने वाले किसानों को डेढ़ माह बाद अभी भी बीमा राशि नहीं मिल सकी है।
जिले में सितंबर के अंतिम सप्ताह और अक्तूबर के पहले सप्ताह में भारी बारिश हुई थी। इसकी वजह से किसानों की खरीफ की फसलें बड़े पैमाने पर नष्ट हो गईं थीं। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने नुकसान का आंकलन करने के लिए टीमें बनाई थीं। इन टीमों में राजस्व, कृषि और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे। टीमों ने सर्वेक्षण करके रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी थी। जिस पर शासन ने जिले के 1,88,839 किसानों के लिए 67 करोड़ 43 लाख 77 हजार 664 रुपये की धनराशि जारी की। राहत राशि तो किसानों को शासन द्वारा दी गई, लेकिन जिन किसानों ने बीमा कराया, उन्हें अब तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत मध्यावधि बीमा की राशि आने का अब भी इंतजार है। जबकि उन्हें रबी की फसलों की बोआई के समय सबसे अधिक आर्थिक मदद की जरूरत है।
बीमा राशि का इंतजार
खरीफ की फसलों का बीमा कराने वाले किसानों को अभी तक फसल बीमा की धनराशि नहीं मिल सकी है। किसानों को वर्तमान में रबी की फसलों की बोआई के लिए धन की सबसे अधिक आवश्यकता है। ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा कराने वाले किसानों को राहत राशि का इंतजार है। इसमें गैर ऋणी और ऋणी दोनों प्रकार के किसान शामिल हैं।।
जिले में यह है बीमित किसानों की संख्या
जनपद में खरीफ की फसल के लिए कुल 1,09,699 किसान बीमित हैं। इनमें 3,161 गैर ऋणी किसान हैं, जबकि 1,06,518 ऋणी किसान शामिल हैं। उप निदेशक कृषि अख्तर हुसैन ने बताया कि फसल बीमा के संबंध में निदेशालय पत्राचार किया गया है। खरीफ की फसलों के नुकसान पर फसल बीमा की राशि जल्द ही मिलने की उम्मीद है।
-भारी बारिश से नुकसान पर इस बार किसानों को फसलों में भारी नुकसान हुआ था। बीमा कराने वाले किसानों को अब तक उनकी बीमा की राशि नहीं मिल सकी है। इसके लिए किसान दिवस में फसल बीमा दिलाने के लिए मांग की गई थी, दो दिन बाद फिर से किसान दिवस में यह बात उठाई जाएगी। किसानों को फसल बीमा जल्द से जल्द दिलाया जाए, ताकि किसान रबी की फसल में इसका समय से उपयोग कर सकें।
-केहर सिंह बुंदेला, प्रांत उपाध्यक्ष, भारतीय किसान संघ।