अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। भाजपा कार्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत ने कार्यशाला में प्रस्तावना रखते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा से उच्च नेतृत्व के निर्देश पर संत गुरु रविदास जन्म जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप रजक एवं कार्यक्रम सह संयोजक बसंती लारिया दोनों वाराणसी जाएंगे और गुरु रविदास जी का स्मृति कलश लेकर आएंगे, जिसे मंदिर में रखा जाएगा। इसके बाद इस स्मृति कलश का भ्रमण कार्यक्रम होगा। जिसमें सभी कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री सलिल कांत श्रीवास ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की स्मृति में यह अभियान केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व द्वारा चलाया जा रहा है। जब काशी में संत शिरोमणि जी का जन्म हुआ तो उनकी जिंदगी के चारों ओर परिस्थितियां विपरीत थीं। हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व का मानना है कि पिछली तुष्टिकरण वाली सरकारों में जिन-जिन महापुरुषों को उचित सम्मान नहीं मिला अब भाजपा ऊपर से लेकर बूथ स्तरों तक उन महापुरुषों का सम्मान करने का काम कर रही है।
यह अभियान 29 जुलाई से शुरू हो रहा है। काशी से उनके प्रकाश से अभिसिंचित खुश्बू युक्त मिट्टी से हम कई कलश तैयार करेंगे और हर आमजन तक उनकी कृपा पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इन कलशों के साथ हम हर मंडल स्तर तक चिन्हित मंदिरों तक जाएगे और वहां दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इन कार्यक्रमों में संगठन के साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सहभागिता की जाएगी। कार्यक्रम संचालन संयोजक बंशीधर श्रीवास एवं जिला महामंत्री गौरव गौतम ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर श्रम सेवा राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप चौबे, हरीराम निरंजन, जगदीश सिंह लोधी, अनुसुचित मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह रजक, जिला उपाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुरु आदि मौजूद रहे।