ललितपुर। बार थाना क्षेत्र के ग्राम बरौदा डांग में युवती की हत्या कर बांध के किनारे फेंक देने के मामले में पुलिस ने हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड से जुड़े महिला के साथी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दो अगस्त को शहजाद बांध के किनारे मिले अज्ञात युवती के शव के संबंध में थाना बार में अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए एसपी प्रभाकर चौधरी ने अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह के नेतृत्व में सीओ क्राइम, सीओ तालबेहट व बार एसओ की टीम को लगाया था।
थानाध्यक्ष बार द्वारा उक्त घटना का अनावरण करते हुए हत्यारोपी बब्बू राजा निवासी ग्राम सेमराडांग थाना बार को गिरफ्तार कर लिया था। जिसने बताया था कि उसने कमलेश राजा निवासी ग्राम सेमराडांग थाना बार और हाल निवासी ग्राम नगरेला थाना पिछोर जिला शिवपुरी मप्र के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक ने फरार महिला आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर थानाध्यक्ष बार शशांक राजपूत ने आरोपी महिला को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह अपनी ससुराल सेमराडांग में रिश्तेदारों से मिलने आयी थी। गिरफ्तारी के बाद कमलेश राजा ने बताया कि उसका भाई हरपाल मृतका गुड़िया को दिल्ली की तरफ से लाया था।
पुलिस द्वारा गुड़िया का नाम व पूरा पता पूछा, लेकिन कमलेश ने बताया कि उसे न तो गुड़िया और न ही हरपाल ने उसे पूरा पता बताया था। गुड़िया के गैरबिरादरी के होने के कारण वह भाई के साथ उसकी शादी का विरोध करती थी। गुड़िया को रास्ते से हटाने के लिए कमलेश राजा ने बब्बू राजा के साथ मिलकर योजना बनाकर ग्राम नगरेला से गुड़िया को ग्राम सेमराडांग लाकर उसकी हत्या कर दी थी।
आरोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गुड़िया की पहचान को लेकर अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही उसकी वास्तविक पहचान कर ली जाएगी।