संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन देवी मंदिरों में मां सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। सुबह से पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जबकि घरों में भी स्थापित घट का पूजन किया गया।
रविवार को मां ललितेश्वरी देवी मंदिर, छोटी माता मंदिर, काली बऊआ मंदिर, रावरपुरा स्थित देवी मंदिर, जागेश्वरी देवी मंदिर, सिद्धेश्वरी देवी मंदिर, शारदा माता मंदिर, चंडी माता समेत अन्य देवी मंदिरों में मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने सुबह से उठकर पूजन सामग्री व प्रसाद आदि तैयार किया और देवी मंदिरों में हल्दी, रोली, चावल से मां को तिलक कर पान, सुपारी, नारियल, बताशा, पूड़ी, हलुआ आदि का भोग लगाया और आरती की। इसके बाद घरों में स्थापित घटों की भी पूजा की गई। कुल देवताओं का पूजन करने के उपरांत देवी स्वरूप कन्याओं को भोज कराया गया।