उठान न होने से गोदाम फुल, खरीद न होने से किसान परेशान
तालबेहट। शासन द्वारा किसानों को उनकी फसल का बाजिब दाम मुहैया कराने के लिए खोले गए क्रय केंद्र इस समय उठान न होने के कारण बेकार साबित हो रहे हैं। इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
शासन द्वारा किसानों को अपनी फसल को उचित दाम पर विक्रय करने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्रय केंद्र खोले गए हैं। पूराकलां क्षेत्र के किसानों के लिए पूराकलां और भुचेरा में क्रय केन्द्र खोले गए। इन केंद्रों पर 24 से 30 अप्रैल तक मात्र एक सप्ताह की खरीद में केन्द्र के गोदाम गेहूं से भर गए हैं। खरीदा गया गेहूं 19 दिन बाद यहां से जिला मुख्यालय जा सका। इसके बाद मई माह में चार दिन पहले केन्द्रों पर खरीद शुरू की गई। चार दिन की खरीद में केन्द्रों के गोदाम फिर से भर गए। गोदामों में जगह न होने के कारण केंद्र प्रभारियों ने गेहूं की तुलाई बंद कर दी। इससे किसान काफी परेशान हैं। दोनों खरीद केंद्रों के बाहर किसानों के गेहूं से भरे ट्रैक्टर आकर वापस जा रहे हैं।
- साहूकारों द्वारा कम दामों में गेहूं खरीदा जा रहा है, इसी के मद्देनजर काफी मेहनत से गेहूं विक्रय करने के लिए कागज तैयार करवाकर क्रय केंद्र पर पहुंचे, लेकिन अब केन्द्र पर खरीद बंद होने से और भी परेशानी हो रही है। साहूकारों से लिए गए ऋण का ब्याज बढ़ रहा है।
-- अनेक सिंह, निवासी एवनी
-- शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए खोले गए खरीद केंद्रों पर समय पर उठान न होने से कृषक परेशान हैं। केंद्र पर तैनात कर्मचारी अपने स्वार्थ की खातिर किसानों की परेशानी को ध्यान भी नहीं रख रहे हैं।
- मुन्ना लाल पाल,निवासी भुचेरा
खरीदे गए गेहूं का सही तरीके से उठान न हो पाने के कारण खरीद में परेशानी आ रही है।
- धनीराम झा, केन्द्र प्रभारी भुचेरा