ललितपुर। अमर उजाला के अपराजिता के बैनर तले श्री दीपचंद्र चौधरी महाविद्यालय की छात्राओं ने शुक्रवार को जल संरक्षण अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में पानी का संकट हर साल गर्मी में बढ़ जाता है, इसलिए हम सबका कर्तव्य है कि जल संरक्षण करने का संकल्प लेते हुए घर का पानी व्यर्थ में न बहने दें। रसोई घर से निकलने वाले पानी को फुलवारी में जाने की व्यवस्था करें। इससे एक ओर जहां पेड़ पौधों को समय पर पानी मिलता रहेगा। वहीं जमीन में पानी जाने से जलस्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि वह अपने घर के आसपास के लोगों को भी जल संचयन के लिए जागरूक करेंगी। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. जेएस तोमर, जन संचार एवं पत्रकारिता विभाग प्रभारी अंशुल दुबे मौजूद रहे।
जिले में पेयजल स्तर गर्मी शुरू होते ही गिरने लगता है। इसलिए सभी को जल संचयन के लिए काम करना होगा। जिससे आने वाले समय में पानी का संकट और न गहरा सके। - दीक्षा, छात्रा
प्रत्येक व्यक्ति को जरूरत के अनुसार पानी का उपयोग करना चाहिए। कोशिश रहे कि पानी व्यर्थ में न फैलें, अन्यथा आने वाले समय में दिक्कत का सामना करना होगा। -अंजली पटेल, छात्रा
जल संचयन के लिए सभी को प्रयास करने होंगे। मैं अपने घर की रसोई का पानी फुलवारी में डालती हूं। इससे पौधों की सिंचाई भी हो जाती और पानी व्यर्थ नहीं जाता है। -छाया यादव, छात्रा
हमने पानी की बचत के लिए आज संकल्प लिया है। अब अपने घर के आसपास के लोगों को भी पानी की बचत के लिए संकल्प दिलाएंगे। जल संचयन के लिए काम करेंगे। -ज्योति, छात्रा
बारिश का पानी संचयन के लिए हम सभी को प्रयास करने चाहिए। इससे भू-गर्भ जल स्तर में सुधार होगा और हम लोगों को आने वाले समय में पानी के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।-नेहा अहिरवार, छात्रा