संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लकड़ी लेने के लिए खेत पर गई छात्रा के कुएं के किनारे से निकलते समय मिट्टी धसकने से वह कुएं में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
थाना बानपुर के ग्राम पाह निवासी पूनम (16) पुत्री कल्ले कुएं के पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना को लेकर मृतका के पिता ने बताया कि पूनम कक्षा 11वीं में पढ़ती थी। सोमवार की शाम को वह घर से खेत पर लकड़ी लेने के लिए गई थी। खेत पर स्थित कुएं के पास से वह निकल रही थी। तभी कुएं की मिट्टी धसक गई और पूनम कुएं में गिर गई थी।
इधर, जब काफी देर तक पूनम घर वापस लौटकर नहीं आई तो परिजन खेत पर पहुंचे। यहां जब वह लोग कुएं के समीप पहुंचे तो पूनम का दुपट्टा पड़ा मिला और कुएं की मिट्टी धसकी मिली।
आनन-फानन में डीजल इंजन चलाकर कुएं के अंदर भरे पानी को खाली किया गया। जब कुएं में आधा पानी बचा तो रस्सी में लोहे के कांटे को डालकर पूनम की खोज की गई। कुछ देर बाद कांटे में पूनम का शव फंस गया।
गांव के लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका आठ बहन व दो भाइयों में सबसे छोटी थी। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पड़सियों ने सांत्वना दी। पिता ने पूनम की मौत का कारण कुएं में डूबने से होने पर कही है।