बम्हौरी रेलवे क्रॉसिंग पर आधा घंटे फंसी रही स्कूल बस
- फोटो : demo
ललितपुर से जीरोन रेलवे स्टेशन के मध्य बम्हौरी रेलवे क्रॉसिंग गेट पर एक स्कूली बस रेल पटरियों के बीच गिट्टी में धंस गई, जिससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों ओर रेड सिग्नल कर दिए गए, ताकि कोई ट्रेन रेलवे गेट से नहीं गुजर सके। स्कूली बस को करीब आधा घंटा बाद क्रेन से हटाकर रेल मार्ग सुचारु किया जा सका। इस दौरान जीरोन स्टेशन पर सात मिनट तक मालगाड़ी खड़ी रही।
गिरिराज इंटर कॉलेज की एक बस करीब छत्तीस बच्चों को लेकर सोमवार की सुबह 8.57 बजे जीरोन रेलवे स्टेशन के पूर्व बम्हौरी रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 328 को पार कर रही थी। इसी दौरान बस रेल पटरियों पर गिट्टी धंसने के कारण फंस गई। बस के पिछले पहिये गिट्टी में धंस गए। यह देख रेलवे गेटमैन ने तत्काल यह जानकारी जीरोन उप स्टेशन मास्टर को दी।
उप स्टेशन मास्टर ने अप और डाउन रूट के सिग्नल रेड कर दिए, ताकि कोई ट्रेन गेट तक न पहुंच सके। यह जानकारी रेलवे के आला अधिकारियों को भी दी गई। स्कूली बस ड्राइवर ने बस में से तत्काल बच्चों को उतार दिया। काफी प्रयास के बाद भी बस आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में कुछ दूर काम रही एक क्रेन मंगाई गई। करीब आधा घंटा बाद स्कूली बस को क्रेन से खींच कर आगे बढ़ाया गया। बताया गया कि रेलवे गेट पर मरम्मतीकरण के चलते यह गिट्टी डाली गई थी।
इनका कहना है-
जीरोन रेलवे स्टेशन के पास रेलवे गेट पर पटरियों के बीच करीब 8.57 बजे स्कूली बस के फंसने की जानकारी है। बस को हटवा दिया गया था। इस दौरान एक ट्रेन करीब पांच से सात मिनट तक प्रभावित रही। ट्रेन को जीरोन रेलवे स्टेशन पर रोका गया था।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ रेलवे झांसी।