ललितपुर। खेतों में खड़ी फसल नष्ट कर डाली जा रही गैस पाइप लाइन को रोके जाने व नष्ट फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि जनपद में कांडला से गोरखपुर जा रही गैस पाइप लाइन जमीन की खुदाई कर डाली जा रही है। अधिकांश स्थानों पर खेतों में खड़ी फसल को भी नष्ट कर लाइन बिछाई जा रही है। ऐसे में किसानों का भारी नुकसान किया जा रहा है। आरोप लगाया कि मना करने पर संबंधित ठेकेदार किसानों से अभ्रदता कर रहे हैं। साथ ही गुंडई पर आ जाते हैं। उन्होंने मांग की है कि जिन खेतों में अभी फसल खड़ी है, वहां कटाई के बाद कार्य किया जाए। जिनकी फसल नष्ट हो चुकी, उन्हें नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिया जाए। किसानों को हिस्सेदारों के हिसाब से मुआवजा दिया जाए। मुुआवजा सर्किल रेट से न देकर बाजार के दामों में दिया जाए। ज्ञापन पर प्रांत उपाध्यक्ष केहर सिंह बुंदेला, जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह बुंदेला, जिला मंत्री सोहन लाल विश्वकर्मा, करन सिंह राजपूत, रविंद्र कुमार, सुनील कुमार, मदनलाल, फूलवती, सीमा, शिवम, रामदयाल, राजपालसिंह, ब्रजभानसिंह, राकेश कुमार, लाल सिंह ने हस्ताक्षर किए हैं।